सागर/देवरी कला, त्रिवेन्द्र जाट। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश एवं एसडीओपी अरुण उइके के मार्गदर्शन में देवरी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम स्मैक जब्त की है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर रेंज ऑफिस के पास मैदान के सामने आकाश बंसल की गुमटी के पास दबिश दी गई। मौके से दिनेश साहू (36) निवासी कौशकिया कॉलोनी देवरी और छोटू उर्फ तिलक यादव (29) निवासी झुनकू वार्ड देवरी को पकड़ा गया। तलाशी में दोनों के कब्जे से 15-15 ग्राम के पैकेट में कुल 30 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्मैक राजस्थान के झालावाड़ जिले के घाटोली थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुरा से लाने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और संभावित नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और स्मैक के स्रोत की जानकारी जुटाने में लगी है। उपनिरीक्षक समरथ सीनम ने बताया कि मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल लक्षाकार, उपनिरीक्षक समरथ सीनम, आरक्षक कमलेश गुर्जर, लवकुश सिंह, अतुल पटेल, मोहित पटेल एवं अमित कुर्मी की सराहनीय भूमिका रही।













