जबलपुर, अनुराग शुक्ला। कई दिनों से जारी क्रिकेट के रोमांच के बाद Hindu Unity League अब अपने निर्णायक पड़ाव पर पहुंच गई है। टूर्नामेंट का भव्य ग्रैंड फिनाले आज 8 अक्टूबर को आयोजित होगा, जिसमें दोनों फाइनलिस्ट टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 88 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। 19 सितंबर को हुए ऑक्शन में 8 टीम मालिकों ने अपनी-अपनी टीमों के लिए 11-11 खिलाड़ियों का चयन किया। 27 सितंबर से शुरू हुए लीग चरण में प्रत्येक टीम ने 7 मुकाबले खेले।
चैतन्य रघुवंशी और विपिन चतुर्वेदी की रही अहम भूमिका
प्रतियोगिता को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में आयोजन समिति के सदस्य चैतन्य रघुवंशी और विपिन चतुर्वेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने टूर्नामेंट की रूपरेखा, टीम गठन, ऑक्शन, मैच संचालन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया। आयोजन का उद्देश्य क्रिकेट के साथ युवाओं को एक मंच पर लाना और एकता, भाईचारे, आपसी सद्भाव तथा सनातन संस्कृति का संदेश देना भी रहा।
पहले संस्करण के चैंपियन का आज होगा फैसला
लीग चरण के रोमांचक मुकाबलों के बाद अब सभी की निगाहें ग्रैंड फिनाले पर टिकी हैं। फाइनल में बल्लेबाजों के बड़े शॉट, गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी और खिलाड़ियों का जोश मुकाबले को रोमांचक बनाएगा। विशेष तैयारियों के साथ आयोजित होने वाले फिनाले के बाद Hindu Unity League के पहले संस्करण के विजेता का फैसला होगा। विजेता टीम ट्रॉफी उठाकर प्रतियोगिता की पहली चैंपियन बनने का गौरव हासिल करेगी।













