छतरपुर/बड़ा मलहरा, लोकेन्द्र सिंह । सोशल मीडिया और क्षेत्र में शेख सलीम को मृत घोषित किए जाने तथा बाद में उनके जिंदा होने की खबर तेजी से फैलने के बाद उनके पुत्र हामिद खान ने इसे पूरी तरह अफवाह करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पिता जीवित हैं और वर्तमान में घर पर स्वस्थ अवस्था में बातचीत कर रहे हैं।
तबीयत बिगड़ी, अस्पताल ले जाया गया
जानकारी के अनुसार शेख सलीम का सांस संबंधी बीमारी का उपचार भोपाल और सागर में पहले से चल रहा था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल छतरपुर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर ले जाने की सलाह दी थी।
घर लाया गया, तबीयत सुधरी
परिजनों ने मरीज को घर ले जाने की इच्छा जताई। इसके बाद ऑक्सीजन वाली एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ घर लाया गया। घर पहुंचने के बाद ऑक्सीजन हटाकर उन्हें आराम कराया गया और पेय पदार्थ दिया गया। परिजनों के मुताबिक इसके बाद शेख सलीम की तबीयत में सुधार हुआ और उन्होंने बातचीत करना शुरू कर दिया।
पुत्र ने दी सफाई
पुत्र हामिद खान ने स्पष्ट किया कि किसी अस्पताल ने उन्हें मृत घोषित नहीं किया था और न ही अंतिम संस्कार की कोई तैयारी की गई थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के संवेदनशील खबरें सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें।













