छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नगर में आस्था और संस्कृति का प्रतीक मानी जाने वाली 122 वर्षों से निरंतर चली आ रही ऐतिहासिक श्रीरामलीला का गुरुवार रात मुकुट पूजन के साथ रंगारंग शुभारंभ हो गया। रामलीला मंच पर विधि-विधान से मुकुट पूजन संपन्न कराया गया, जिसके बाद रामलीला की पत्रिका 'स्मारिका' का विमोचन किया गया और प्रमुख पात्रों के स्वरूपों का परिचय कराया गया। इस दौरान जन्मेजय तिवारी श्रीराम, आशुतोष नायक सीता, सिद्धार्थ तिवारी लक्ष्मण, अर्नव चतुर्वेदी भरत, तन्मय तिवारी शत्रुघ्न और लवलेश मिश्रा हनुमान के रूप में श्रद्धालुओं के समक्ष आए। शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में रामभक्त और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
रामलीला समिति के सचिव संजय तिवारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर से शुरू हुआ यह सांस्कृतिक व धार्मिक महोत्सव 22 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी बाल लीलाओं, राम जन्म, विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध, सीता स्वयंवर, धनुष यज्ञ और राम विवाह जैसे प्रसंगों का सजीव मंचन किया जाएगा। लीलाक्रम को आगे बढ़ाते हुए श्रीराम वनवास, केवट संवाद, सीताहरण, लंका दहन, मेघनाद वध और रावण वध तक की पौराणिक कथाओं का मंचन होगा। नगर का प्रमुख आकर्षण 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाला भव्य दशहरा महोत्सव रहेगा। इसके उपरांत 21 अक्टूबर को भरत मिलाप व श्रीराम राजगद्दी का मंचन किया जाएगा तथा 22 अक्टूबर को शांति हवन एवं ब्रह्म भोज के साथ इस 122वीं रामलीला का विधिवत समापन होगा।













