छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान लक्ष्मण विश्वकर्मा (34) निवासी गुलगंज, हाल निवासी गौतम नगर छतरपुर के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक ड्राइवर है और ट्रांसपोर्ट नगर से सामान लेकर अपने घर लौट रहा था। शाम करीब 5 बजे जैसे ही वह रास्ते में पहुंचा, सामने से आ रही काले रंग की तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि लक्ष्मण मौके पर ही बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में उसके शरीर में तीन जगह फ्रैक्चर और सिर व हाथ में गंभीर चोट की पुष्टि की है।
घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है।

