कटनी/स्लीमनाबाद, प्रवीण तिवारी। ग्राम धनवाही में समय पर राशन का गल्ला नहीं मिलने, पानी की समस्या और जंगल जाने वाले रास्ते पर कथित अवैध कब्जे को लेकर आदिवासी महिलाओं ने बहोरीबंद मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि सरकारी जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने से जंगल जाने का रास्ता प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के चलते बहोरीबंद मार्ग पर करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव और थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जनपद अध्यक्ष राजकमल बंशल ने भी मौके पर पहुंचकर महिलाओं और ग्रामीणों से चर्चा की तथा उनकी समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। समझाइश के बाद महिलाओं ने सड़क से हटकर मार्ग को आवागमन के लिए खोल दिया। प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




