सागर/रहली, आशु दुबे । जिले के रहली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बामनोदा के रहने वाले आदिवासी माधव सिंह को आखिरकार लंबी पीड़ा के बाद न्याय और बेहतर इलाज मिल गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव के प्रयासों के चलते माधव को इलाज के लिए भोपाल के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बीती 9 जुलाई को 40 वर्षीय माधव सिंह आदिवासी पर जंगल में तीन भालुओं ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया था। इस भीषण हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) सागर में भर्ती कराया गया था, जहां 15 दिन तक उनका इलाज चला, लेकिन उनकी सेहत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और वे पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए।

अधिकारियों की लापरवाही पर भड़के थे विधायक

घटना के कई महीने बीत जाने के बाद भी घायल माधव को न तो समुचित चिकित्सा सुविधा मिल पाई थी और न ही वन विभाग की ओर से कोई राहत राशि प्रदान की गई थी। स्थानीय स्तर पर हो रही इस प्रशासनिक उदासीनता और लापरवाही को देखकर विधायक गोपाल भार्गव का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने दो दिन पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का इस गंभीर मामले की ओर ध्यान आकर्षित किया था।

फोन पर जताई नाराजगी, हरकत में आया वन विभाग

विधायक गोपाल भार्गव ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की संवेदनहीनता पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए वन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह को फोन पर पूरी स्थिति से अवगत कराया। भार्गव की इस सख्त पहल का असर तुरंत देखने को मिला और वन विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए घायल माधव सिंह को उनके गृहग्राम से विशेष व्यवस्था के तहत भोपाल पहुंचाया और एम्स में भर्ती कराया।

एम्स में हो रहा बेहतर उपचार, कर्मचारी कर रहे देखभाल

वर्तमान में भोपाल एम्स में माधव सिंह का उच्चस्तरीय उपचार सुचारू रूप से चल रहा है। उनकी देखरेख के लिए वन विभाग के कर्मचारियों को भी विशेष रूप से तैनात किया गया है, जो अस्पताल में रहकर उनके इलाज और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस सफलता के बाद विधायक गोपाल भार्गव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आत्मसंतोष व्यक्त किया है और इस मानवीय कार्य में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया है।

ग्रामीणों में खुशी, बोले- गरीबों के मसीहा हैं गोपाल भार्गव

माधव सिंह के ठीक होने की दिशा में उठाए गए इस कदम से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक गोपाल भार्गव वास्तव में गरीबों और जरूरतमंदों के मसीहा हैं। जल, जंगल और जमीन के असली हकदार आदिवासी समाज के माधव को उनकी ही सार्थक पहल से नया जीवनदान मिला है।