मुंबई। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी अक्सर अपने फैंस को फिट रहने के लिए नए-नए तरीके बताती रहती हैं। इस बार उन्होंने अपने मंडे मोटिवेशन के तहत एक मजेदार बॉल एक्सरसाइज चैलेंज शेयर किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह गेंद के साथ अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज करती हुई नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि देखने में आसान लगने वाली यह एक्सरसाइज शरीर के साथ-साथ दिमाग को भी एक्टिव रखने में मदद कर सकती है।

शिल्पा शेट्टी ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, ''एक गेंद, कई तरह की मूवमेंट और पूरा ध्यान लगाने की जरूरत। सुनने में आसान लग रहा है? इसे करके देखिए और खुद इसका अनुभव कीजिए। अपने वीडियो में मुझे टैग करें और देखते हैं कि आप में से कितने लोग इस चैलेंज को पूरा कर पाते हैं।''

शिल्पा ने एक्सरसाइज के फायदे बताते हुए कहा, ''बॉल एक्सरसाइज दिमाग के अलग-अलग हिस्सों को एक्टिव करती है। इसमें दिमाग के दाएं और बाएं हिस्से के साथ याददाश्त से जुड़े रास्ते और शरीर की गतिविधियों को कंट्रोल करने वाले हिस्से भी शामिल हैं। इस तरह की गतिविधियां ध्यान लगाने की क्षमता बढ़ाने, एकाग्रता बनाए रखने और दिमागी थकान को कम करने में मदद कर सकती हैं।''

अभिनेत्री ने कहा, ''बॉल एक्सरसाइज के तहत जब व्यक्ति गेंद को अलग-अलग तरीकों से पकड़ता है या उसके साथ मूवमेंट करता है, तो शरीर और दिमाग दोनों को एक साथ काम करना पड़ता है। इससे हाथों और आंखों के बीच तालमेल, शरीर पर नियंत्रण और अपनी गतिविधियों को समझने की क्षमता बेहतर हो सकती है।''

उन्होंने बताया कि इस तरह की एक्सरसाइज से शरीर में खून का बहाव बेहतर होता है और दिमाग की नसों के बीच कनेक्शन मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है। क्रॉस-बॉडी मूवमेंट और ब्रेन जिम जैसी गतिविधियां ध्यान लगाने, काम करते समय चीजों को याद रखने और बदलती परिस्थितियों के अनुसार सोचने की क्षमता को बेहतर बनाने में भी मददगार हो सकती हैं।

शिल्पा ने अपनी पोस्ट में बॉल एक्सरसाइज के फायदों की पूरी जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इससे दिमाग के दोनों हिस्सों को एक्टिव रखने, एकाग्रता और याददाश्त से जुड़ी क्षमताओं को बेहतर बनाने, शरीर का संतुलन बनाए रखने और मांसपेशियों पर नियंत्रण बढ़ाने में मदद मिल सकती है।