बमीठा, अशोक नामदेव। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि टैक्सी में सवार पांच यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सवारियों से भरी टैक्सी बागेश्वर धाम से खजुराहो रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी चालक और सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम और डायल-112 मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में टैक्सी चालक छोटू कुशवाहा (34 वर्ष), पिता कालीचरण, निवासी चुरारान की मौत हो गई। वहीं घायल पांच यात्रियों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।