मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। त्योहारों के दौरान शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर लगने वाले जाम को देखते हुए यातायात पुलिस ने सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। शाम के समय चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में पुलिस ने 10 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 5500 रुपये समन शुल्क वसूला।

यातायात थाना प्रभारी कृष्णा मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्टेट बैंक और विनस स्वीट्स के सामने सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों की जांच की। मौके पर वाहन मालिकों को बुलाकर नियमानुसार जुर्माना किया गया। कार्रवाई के दौरान मुख्य चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी देख कई राहगीरों और वाहन चालकों ने अपना रास्ता बदल लिया।

अभियान के दौरान पुलिस ने चालकों को समझाइश दी कि वे सड़क या चौराहों के आसपास वाहन खड़ा न करें, ताकि आम नागरिकों और राहगीरों को जाम की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कृष्णा मिश्रा के साथ यातायात पुलिस की पूरी टीम शामिल रही।