मोरबी। इंटरनेशनल राइफल शूटर अंजू शर्मा ने गुजरात के मोरबी में शुरू होने वाले खेल महाकुंभ में बच्चों से लेकर तमाम खिलाड़ियों से रजिस्ट्रेशन करने की अपील की है। अंजू ने बताया है कि खेल महाकुंभ में उन परंपारिक खेलों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें मौजूदा पीढ़ी भूल चुकी है। अंजू शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 अगस्त, 2026 को शुरू किए गए टैलेंट हंट योजना के तहत खेल महाकुंभ में 5 से 15 वर्षीय बच्चों पर अधिक फोकस किया जाएगा। अंजू ने पत्रकारों संग बातचीत करते हुए बताया, "भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि जैसे आप सब को पता होगा कि खेल महाकुंभ का रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है और 22 सितंबर को खेल महाकुंभ का रजिस्ट्रेशन बंद हो जाएगा। मेरा कहना यह है कि मोरबी के ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी एवं सामान्य लोग इसमें रजिस्ट्रेशन करें।"
अंजू ने बताया कि खेल महाकुंभ के बारे में जानकारी देने के लिए कई गांव और स्कूलों में सेमिनार किए गए हैं और ज्यादा से ज्यादा बच्चों से इसमें हिस्सा लेने की अपील की गई है। उन्होंने आगे कहा, "जो खेल महाकुंभ है मैंने सौराष्ट्र में जैसे देखा है कि सातम आठम आने पर जैसी उत्सुकता होती है न की त्योहार आ रहा है उस तरीके से आज सामान्य से सामान्य बच्चे को भी इस तरीके से जाकर माता-पिता को कह रहे हैं कि खेल महाकुंभ आ रहा है, उसमें हिस्सा लेना है।"
उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ में उन परंपारिक खेलों को भी जगह दी गई है, जिन्हें मौजूदा पीढ़ी भूल चुकी है। उन्होंने कहा, "सबसे बड़ी बात यह है कि खेल महाकुंभ में उन पारंपारिक खेल को रखा गया है जिसको हम लोगों ने तो खेला है, लेकिन हमारे बाद आने वाली पीढ़ी भूल चुकी है। इसमें लंगड़ी , सतोलिया जैसे खेलों को भी जगह दी गई है, ताकि जो हमारे परंपारिक खेल हैं उन्हें आने वाली पीढ़ी न भूले।"
अंजू ने आगे कहा, "हमने 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण भी सुना था। उन्होंने भी यही बात कही थी कि ओलंपिक में करीब 350 इवेंट होते हैं, लेकिन भारत अभी बहुत कम खेलों में हिस्सा ले पाता है। कई खेलों में हम क्वालिफाई भी नहीं कर पाते। इसलिए जरूरी है कि हम ज्यादा से ज्यादा खेलों में भाग लें और अपने खिलाड़ियों को बेहतर मौके दें, ताकि भारत का प्रदर्शन और मजबूत हो सके। पीएम मोदी ने टैलेंट हंट योजना निकाली है। इसके अंतर्गत 5 से 15 वर्षीय के बच्चों पर फोकस किया गया है। मैं कह सकती हूं कि हमने देश की युवा शक्ति को प्राथमिकता दी है।"
उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ में जीतने वालों को पुरस्कार दिया जाएगा और इसके साथ ही विजेताओं को सरकार की अलग-अलग योजनाएं का भी लाभ मिलेगा। अंजू ने बताया कि विजेता बच्चों की पढ़ाई से लेकर तमाम चीजों का खर्चा गुजरात सरकार उठाती है और मेडल मिलने पर पुरस्कार भी दिया जाता है।




