सतना, अंबिका केशरी। शहर के नजीराबाद इलाके में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर 6 लाख रुपए नकद, करीब 4 तोला सोने के जेवरात और चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार मकान मालिक अकील खान अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। शनिवार सुबह पड़ोसी ने उनके मकान का मुख्य ताला टूटा देखा और इसकी सूचना परिवार को दी। खबर मिलते ही अकील खान परिवार के साथ वापस घर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। लॉकर में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।


अकील खान ने बताया कि उनकी बेटी भी घर आई हुई थी और उसके सोने के जेवरात भी घर में रखे थे, जिन्हें चोर ले गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक नकदी और आभूषणों सहित करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साइबर सेल और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।