छतरपुर/हरपालपुर, शिवम सोनी। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे छतरपुर जिले के हरपालपुर कस्बे में बेखौफ चोरों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। नगर के वार्ड क्रमांक-2 स्थित ब्रजपुरम कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान पर धावा बोलकर करीब 2 लाख रुपये नकद, लगभग 10 तोला सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात और एक लैपटॉप पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दो संदिग्ध रात करीब 11:30 बजे से तड़के 3:00 बजे तक यानी करीब चार घंटे तक मकान में बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम काकुनपुरा निवासी कृष्णपाल सिंह तोमर का परिवार हरपालपुर की ब्रजपुरम कॉलोनी में रहता है। परिवार 9 अक्टूबर की रात अपने पैतृक गांव काकुनपुरा गया हुआ था। मकान को सूना पाकर चोर बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर दाखिल हुए और मुख्य दरवाजों के ताले चटकाकर अलमारी, तिजोरी और बक्सों को पूरी तरह खंगाल डाला। शनिवार दोपहर जब तोमर परिवार घर वापस लौटा, तो मुख्य द्वार और कमरों के ताले टूटे तथा सारा सामान अस्त-व्यस्त देख उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। छतरपुर जिला मुख्यालय से फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से अहम साक्ष्य और उंगलियों के निशान एकत्र किए। सीसीटीवी फुटेज की जांच में मुंह पर गमछा बांधे दो संदिग्ध व्यक्ति घर की रेकी करते और अंदर घुसते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अज्ञात आरोपियों की शिनाख्त और धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि हरपालपुर थाने में हाल ही में थाना प्रभारी नितिन शर्मा की पदस्थापना हुई है, लेकिन उनके अवकाश पर होने के चलते वर्तमान में उपनिरीक्षक गिरजेश राजा बुंदेला थाना प्रभारी का प्रभार संभाल रहे हैं। कस्बे के रिहायशी इलाके में करीब चार घंटे तक चली इस लंबी चोरी की वारदात ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सतर्कता पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सीमावर्ती इलाका होने के बावजूद संवेदनशील कॉलोनियों में नियमित पेट्रोलिंग नहीं हो रही है। त्योहारों के मौसम में हुई इस बड़ी सनसनीखेज वारदात से नगरवासियों में दहशत और असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों और नागरिकों ने कस्बे में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी का शीघ्र खुलासा कर माल बरामद करने की मांग की है।












