हरपालपुर (शिवम सोनी)। नगर में इन दिनों बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक अज्ञात युवक ने दिनदहाड़े एक साड़ी की दुकान को निशाना बनाया और गल्ले में रखे रुपये लेकर चंपत हो गया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने स्थानीय व्यापारियों और आम जनता के बीच डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी गल्ला मंडी निवासी राजीव रूसिया अपने घर के अगले हिस्से में साड़ी की दुकान संचालित करते हैं। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे, राजीव किसी काम से दुकान छोड़कर कुछ देर के लिए घर के अंदर गए थे। इसी बीच दुकान को सूना पाकर एक अज्ञात युवक अंदर दाखिल हुआ और बड़ी फुर्ती से गल्ले का ताला खोलकर उसमें रखे 15,300 रुपये नकद बटोर लिए और फरार हो गया। जब दुकानदार वापस लौटे और गल्ले की स्थिति देखी, तो उनके होश उड़ गए। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी की करतूत साफ नजर आई, जिसे देख दुकानदार सन्न रह गए।
व्यापारियों में आक्रोश, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
घटना के तुरंत बाद राजीव रूसिया अन्य व्यापारियों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए सीसीटीवी फुटेज सौंपे। व्यापारियों का आरोप है कि नगर में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन पुलिस ठोस कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है। कुछ माह पूर्व एक सर्राफा दुकान से 40 से अधिक सोने-चांदी के आभूषणों से भरे बैगों की चोरी हुई थी, जिसका खुलासा पुलिस आज तक नहीं कर पाई है। पुरानी घटनाओं का सुराग न मिल पाना और नई वारदातों का बढ़ना पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान लगा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। साथ ही, नगर के संवेदनशील इलाकों और बाजारों में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के जरिए संदिग्ध युवक की तलाश शुरू कर दी है।



