नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बैटिंग कोच ग्रीम हिक ने उस्मान ख्वाजा के उस चौंकाने वाले खुलासे को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि 2018 के 'सैंडपेपर गेट' कांड के दौरान टीम के सभी लोगों को पता था कि गेंद पर किसी बाहरी और अवैध चीज का इस्तेमाल किया जा रहा है। हिक ने कहा, "ख्वाजा जो कह रहे हैं, वह पूरी तरह से गलत है।"अपनी किताब 'सब्र' के रिलीज होने से तीन दिन पहले, जिसमें 2018 के 'सैंडपेपर गेट' विवाद का जिक्र किया गया है, ख्वाजा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि केपटाउन टेस्ट में सैंडपेपर के इस्तेमाल की योजना की जानकारी पूरी टीम को थी। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इस चीज का उपयोग उस टेस्ट से पहले खेले गए मैच में भी किया गया था।

2016 से 2020 तक ऑस्ट्रेलिया के बैटिंग कोच रहे हिक ने 'सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' से कहा, "मैंने कोचों को लेकर दिए गए अलग-अलग बयान देखे हैं और मैं उनके इतने व्यापक (सबको लपेट लेने वाले) स्वरूप से बहुत निराश हूं। ख्वाजा सीधे तौर पर कहते है कि हम सब इसमें शामिल थे। सिर्फ बल्लेबाज नहीं, सिर्फ गेंदबाज नहीं, या सिर्फ स्टाफ नहीं। हम सब शामिल थे'।"

अब तक लोगों के बीच यही बात मानी जाती थी कि इस मामले में तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उप-कप्तान डेविड वॉर्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट शामिल थे, और बैनक्रॉफ्ट ने ही गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल किया था। स्मिथ और वॉर्नर पर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट खेलने से एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था, जबकि बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए प्रतिबंधित किया गया था।

इसके अलावा, स्मिथ के दो साल तक कप्तानी करने पर भी रोक लगा दी गई थी। वॉर्नर पर अंतरराष्ट्रीय और ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट में नेतृत्व करने पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया गया था, जिसे 2024 में हटा दिया गया था। हिक ने कहा, "मेरे हिसाब से ख्वाजा यहां जो कह रहे हैं, वह पूरी तरह से गलत है। पोर्ट एलिजाबेथ या केपटाउन में हुई बॉल टैम्परिंग की घटनाओं के बारे में मैं पूरी ईमानदारी से कह सकता हूं कि मुझे इसके बारे में कुछ भी पता नहीं था और न ही मैंने कुछ सुना था। मुझे भी बाकी लोगों की तरह इसके बारे में तब पता चला, जब केपटाउन में यह बड़ी स्क्रीन पर दिखाई दिया। उस समय मैं बाहर की बालकनी में बैठा हुआ था।"

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को ख्वाजा के सनसनीखेज दावों के बाद टेस्ट कप्तान पैट कमिंस के पहली बार सार्वजनिक रूप से बोलने की उम्मीद है, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का कहना है कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।