छतरपुर, अशोक नामदेव। केन-वेतवा लिंक परियोजना के तहत ढोडन बांध के लिए बमीठा स्थित 132 केवी विद्युत स्टेशन से 33 केवी लाइन खींचने का काम चल रहा है, लेकिन किसान के विरोध के कारण काम प्रभावित हो रहा है। इसी बीच निर्माण कार्य रुके होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने करीब 20 लाख रुपये का बिजली तार चोरी कर लिया। जानकारी के अनुसार, किसान द्वारा पिछले पांच दिनों से अपने खेत से विद्युत लाइन निकालने का विरोध किया जा रहा है, जिससे काम पूरी तरह बंद पड़ा था। इसी दौरान चोरों ने 10 खंभों की तीन लाइनों से करीब 2100 मीटर तार काटकर चोरी कर लिया।


परियोजना से जुड़े अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि काम रुकने के कारण सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई थी, जिसका फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि इस लाइन में बेहतर गुणवत्ता के 68 केवी तार का उपयोग किया जा रहा है, जो काफी महंगा है। वहीं, आज भी किसान के परिजनों ने अधिकारियों और कर्मचारियों को लाइन खींचने से रोक दिया। बमीठा से ढोडन बांध तक विद्युत लाइन का कार्य अंतिम चरण में है, लेकिन ईमलहा गांव के किसान अपने खेत से लाइन गुजरने का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे उनकी खेती को नुकसान हो रहा है। प्रशासन और परियोजना से जुड़े अधिकारी अब समाधान निकालने के प्रयास में जुटे हैं, ताकि कार्य दोबारा शुरू किया जा सके और आगे नुकसान से बचा जा सके।