उज्जैन। उज्जैन के माधवनगर थाना क्षेत्र में देर रात हुई आगजनी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जाल कंपाउंड क्षेत्र स्थित एक डिस्पोजल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। आसपास रहने वाले लोगों ने सबसे पहले गोदाम से उठती आग की लपटें देखीं और तुरंत गोदाम मालिक को सूचना दी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोदाम मालिक युवराज सिंह जाट के मुताबिक, उन्हें पड़ोसियों से फोन पर आग लगने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग की चार गाड़ियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आगजनी में गोदाम में रखा डिस्पोजल और प्लास्टिक का भारी मात्रा में सामान पूरी तरह जल गया। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के मकानों और दुकानों तक आग पहुंच सकती थी। घटना में नया मोड़ तब आया जब एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया। फुटेज में एक संदिग्ध युवक गोदाम के पास दिखाई दे रहा है, जो कथित तौर पर आग लगाते नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। माधवनगर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि युवक की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पार्षद प्रतिनिधि खुशाल गुप्ता ने भी घटना पर चिंता जताते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस आगजनी के पीछे की वजह और आरोपी के मकसद की जांच में जुटी हुई है।

