अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीन । जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदौरा चौकी के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक मजदूरी कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान विजय, रज्जू और हेतराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक देर रात बाइक से घर लौट रहे थे, तभी चंदौरा चौकी के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही तीनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बाइक अनियंत्रित होकर फिसली या फिर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू मृतक हेतराम से जुड़ा है। 15 मई को उसकी शादी की पहली सालगिरह थी और घर में खुशियों का माहौल बनने वाला था। उसकी पत्नी आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है, लेकिन सालगिरह के दिन ही घर में मातम छा गया।

