कटनी, सुमित पाण्डेय। दीपावली के पर्व पर कटनी जिले के बरही नगर से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। आधी रात को क्राकरी दुकान में अचानक लगी भीषण आग ने एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। आग की चपेट में आने से 2 महीने के मासूम बच्चे और 77 वर्षीय बुजुर्ग समेत परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

घटना मध्य रात्रि करीब 12 बजे की है। पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने विकराल रूप धारण करते हुए पूरी तीन मंजिला इमारत को घेर लिया। इमारत के अंदर मौजूद परिवार धुएं और लपटों के बीच फंस गया। आग और घने धुएं के कारण राहत दल को इमारत में दाखिल होने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तड़के 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर अन्य 5 लोगों और 2 माह के मासूम को बाहर निकाला गया। सुबह तक चले रेस्क्यू के बाद डॉक्टरों ने सभी 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।


दमकल की फटी पाइप से नहीं बन पाया प्रेशर, लोगों में आक्रोश

हादसे के दौरान प्रशासनिक बदइंतजमी भी खुलकर सामने आई। मौके पर पहुंची दमकल की पाइप फटी हुई थी, जिससे पानी का प्रेशर नहीं बन सका और आग पर काबू पाने में देर होती गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर दमकल की स्थिति ठीक होती, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।


बरही नगर में पसरा सन्नाटा, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

इस भयानक अग्निकांड के बाद पूरे बरही नगर में मातम छा गया है। त्योहार का माहौल मातम में बदल गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक और प्रशासनिक मदद देने का आश्वासन दिया है।