ईरान-अमेरिका जंग का भयानक असर: सिर्फ 6 दिन बचा LPG स्टॉक, कालाबाजारी शुरू

Advertisement
भोपाल। ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध की वजह से कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई पर तगड़ी रोक लग गई है, जिसका सीधा असर अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दिखने लगा है। शहर में होटल, रेस्त्रां, छोटे-बड़े उद्योग और चाय-नाश्ते की दुकानें चलाने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भोपाल में फिलहाल केवल 6 दिन का LPG स्टॉक बचा हुआ है, जो करीब 3200 मीट्रिक टन है। जबकि यहां रोजाना लगभग 500 मीट्रिक टन रसोई गैस की खपत होती है।
इस संकट के चलते कई जगहों पर कालाबाजारी भी शुरू हो गई है, जहां सिलेंडरों की कीमत में 600 रुपये तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है। होटल-रेस्त्रां संचालकों ने आपात बैठक की और भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। कारोबारियों का साफ कहना है कि अगर सप्लाई जल्द बहाल नहीं हुई तो एक-दो दिन में ही कई प्रतिष्ठान या तो बंद हो जाएंगे या फिर लकड़ी, बिजली जैसे वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेना शुरू कर देंगे।
गैस एजेंसी संचालकों ने भी कलेक्टर के साथ बैठक की। उनका कहना है कि कंपनियों से सिलेंडर मिलते ही डिलीवरी जारी रहेगी, लेकिन फिलहाल ऑयल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह रोक दी है। अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को छूट मिली हुई है, लेकिन बाकी सभी कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। यह संकट सिर्फ भोपाल तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई शहरों में कमर्शियल गैस की कमी से होटल-रेस्त्रां बंद होने की आशंका जताई जा रही है।
