मॉस्को। फिनलैंड की खाड़ी के अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में एक रूसी मालवाहक जहाज पर हुए हमले के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ता जा रहा है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि मॉस्को को बाल्टिक क्षेत्र में कीव की ओर से कथित 'आतंकी गतिविधियों' के बढ़ते खतरे की चिंता है।

पेस्कोव ने कहा, "इससे जुड़े सभी तटीय देश स्वाभाविक रूप से चिंतित हैं। यह बहुत खतरनाक स्थिति है और क्षेत्र में तनाव बढ़ा रही है।"

बाल्टिक क्षेत्र की स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "वास्तव में, बाल्टिक क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों के विस्तार की एक बहुत खतरनाक प्रवृत्ति दिखाई दे रही है। हम इसे देख रहे हैं।" उन्होंने उम्मीद जताई कि बाल्टिक देश कीव पर अपना प्रभाव इस्तेमाल करेंगे, ताकि ऐसे हमलों को रोका जा सके।

पेस्कोव ने कहा, "उम्मीद है कि बाल्टिक देश किसी न किसी तरह कीव शासन को चेतावनी देंगे और उसे ऐसी खतरनाक गतिविधियां जारी रखने से रोकेंगे।"

रूसी समाचार एजेंसी 'ताश‍' के अनुसार, पेस्कोव ने कहा कि रूस के ठिकानों पर हमले करने की कोशिशें जारी हैं, जबकि मॉस्को अपनी विशेष सैन्य कार्रवाई जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि रूसी सशस्त्र बल रोजाना यूक्रेन के सैन्य ढांचे पर बड़े पैमाने पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा क‍ि हमारी सेना यूक्रेन के सैन्य बुनियादी ढांचे पर हर दिन व्यापक और बड़े पैमाने पर हमले कर रही है। इसका कीव शासन पर बहुत गंभीर असर पड़ रहा है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हाल के एक बयान का उल्लेख करते हुए पेस्कोव ने कहा, "हमारी सेना की यह नीति और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।"

मानवीय सहायता अभियानों के बारे में पेस्कोव ने कहा कि रूस को अब तक कोन्स्टैन्टिनोवका में मानवीय अभियान चलाने के प्रस्ताव पर कीव की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा, "हमें कीव शासन से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। उनकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। जहां तक मानवीय मिशन की बात है, हमारी पहल अब भी लागू है।"

पेस्कोव ने कहा कि यूक्रेन की ओर से संयुक्त मानवीय अभियान में रुचि न दिखाने के बावजूद रूसी सैनिक लगातार खतरनाक इलाकों से नागरिकों को सुरक्षित निकालने में मदद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "आपने जेलेंस्की और अन्य अधिकारियों के कई बयान देखे हैं, जिनसे लगता है कि कीव शासन ऐसी गतिविधियां जारी रखने के पक्ष में नहीं है। लेकिन रूस की ओर से हमारी तैयारी बनी हुई है।"

गौरतलब है कि 21 नवंबर को कालिनिनग्राद जा रहे एक मालवाहक जहाज पर फिनलैंड की खाड़ी के तटस्थ जलक्षेत्र में, रूसी सीमा से लगभग तीन समुद्री मील दूर, दो ड्रोन से हमला किया गया था। यह जानकारी लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोजदेन्को ने दी थी।