छतरपुर, ​शिवम सोनी। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रनगुवा में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में दो जिंदगियां काल के गाल में समा गईं। गांव के पास स्थित राजू बाबा की तलैया में दोस्तों के साथ नहाने उतरे 23 वर्षीय युवक और एक 12 साल के मासूम किशोर की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों के बीच पानी में तैरने की होड़ लगी थी, जो पलक झपकते ही मातम में बदल गई। आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रनगुवा निवासी 23 वर्षीय किशन बंसल पिता नत्थू बंसल और 12 वर्षीय भरमजीत बंसल पिता भगवानदास शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे अपने अन्य साथियों के साथ गांव के समीप स्थित राजू बाबा की तलैया में नहाने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी में उतरने के बाद दोनों के बीच तैरकर आगे निकलने की रेस लग गई। इसी जल्दबाजी और प्रतिस्पर्धा में दोनों गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और देखते ही देखते गहरे पानी में समाकर डूबने लगे।

साथ मौजूद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल पानी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद दोनों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला। परिजन ग्रामीणों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल छतरपुर लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी; डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मातगुवां थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचकर शवों का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक ही झटके में दो परिवारों के चिराग बुझा दिए, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।