छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर में आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। सोमवार की रात बस स्टॉप के पास अपोलो क्रॉस रोड पर संचालित 'श्री जी बेकरी' में एक ग्राहक को खराब पेटीज दिए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर बेकरी का औचक निरीक्षण किया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की वैधानिक कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से बिक्री के लिए उपलब्ध पेटीज के नमूने सील किए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य सामग्री अमानक या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाई जाती है, तो बेकरी संचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा मानकों और उचित तापमान में भंडारण के सख्त निर्देश
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. तिवारी ने बेकरी संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी खाद्य पदार्थों का भंडारण उचित तापमान पर और पूरी तरह से सुरक्षात्मक तरीके से किया जाए। उन्होंने संचालक को गुणवत्ता एवं स्वच्छता से संबंधित आवश्यक सावधानियों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो।
















