दमोह, (बटियागढ़), राजेंद्र तिवारी। दमोह जिले के बटियागढ़ जनपद क्षेत्र अंतर्गत दूल्हादेव के जंगलों में भालू के हमले की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। जंगल में गए एक व्यक्ति पर जंगली भालू ने अचानक पीछे से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान हिम्मतपुरा गांव निवासी बिहारी आदिवासी के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद दमोह जिला अस्पताल रेफर
बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने घायल बिहारी आदिवासी का प्राथमिक इलाज किया। हालांकि, भालू के हमले से शरीर पर आए गंभीर घावों और नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बटियागढ़ वन चौकी से वनकर्मी अभिलाष उदेनिया तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे। उन्होंने घायल का हाल-चाल जाना और वन विभाग के नियमानुसार तात्कालिक सहायता के रूप में ₹1,000 की नकद राशि पीड़ित के परिजनों को सौंपी।
अचानक पीछे से किया भालू ने हमला- पीड़ित की आपबीती
अस्पताल में भर्ती पीड़ित बिहारी आदिवासी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे कुंडा झनझन के जंगल की तरफ किसी काम से गए हुए थे। उसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने बिना संभलने का मौका दिए पीछे से अचानक हमला बोल दिया। उन्होंने खुद को बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, जिसके बाद भालू उन्हें छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।
जंगल से सटे इलाकों में दहशत का माहौल
दूल्हादेव और कुंडा झनझन के आसपास के जंगलों में भालू के इस हमले के बाद समीपवर्ती ग्रामीण अंचलों में भय और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हिंसक वन्यजीवों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।




