लखनऊ। शिया धर्मगुरु सैफ अब्बास ने मौलाना जर्जिस अंसारी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर दिए बयान पर निंदा की। उन्होंने कहा कि जर्जिस को किसी मानसिक अस्पताल में ले जाकर उनके दिमाग का चेकअप कराना चाहिए।लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में सैफ अब्बास ने कहा कि वो हर 10-15 दिन पर ऐसे ही ऊल-जुलूल बयान दे रहे हैं और वो इस तरीके के बयान देकर मीडिया में बने रहना चाहते हैं। मुख्यमंत्री को लेकर उनका जो बयान है, वह अफसोसजनक है। सीएम एक संवैधानिक पद पर हैं और संवैधानिक पद पर बैठे हुए किसी व्यक्ति को इस तरीके से कहना अफसोसजनक है। मैं समझता हूं कि जर्जिस का दिमागी इलाज होना चाहिए या मीडिया को इनको दिखाना बंद कर देना चाहिए।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर किए जाने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया है कि सिराज को उनके नाम और धर्म की वजह से टीम से बाहर किया गया।

इसी मामले पर शिया धर्मगुरु सैफ अब्बास ने कहा कि किसी भी खेल के अंदर सियासत करना गलत है, लेकिन एक बात गौर करने की है कि जो टीमें बनाई जाती हैं, वो टीमें मुल्क को जिताने के लिए और मुल्क के हौसले को बढ़ाने वाले हमारे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बनाई जाती हैं, लेकिन हमारे मुल्क में कुछ इस तरीके के मामलात हो गए हैं, जिसके बाद सवाल उठना लाजिमी है। जैसे अभी कुछ दिन पहले एक मैच था। जिस मैच में हमारे फास्ट बॉलर अर्शदीप, जो सिख समुदाय से आते हैं, से आखिरी ओवर में कुछ ज्यादा रन चले गए थे और उसके बाद टीम इंडिया वह मैच हार गई थी। इसके बाद खिलाड़ी को ट्रोल किया गया। जहां इस तरीके की मानसिकता वाले लोग हों, वहां इस तरह की चीजें होती हैं, जबकि अर्शदीप सिंह बड़ी मेहनत से खेल रहे हैं, आज भी टीम में खेल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब ऐसी स्थिति मुल्क के अंदर पैदा हो जाए तो फिर अगर सिराज को शामिल नहीं किया जाएगा तो सवाल उठना लाजिमी होगा। हम कहते हैं कि ऐसा नहीं होना चाहिए। मुस्लिम क्रिकेटर हमारी टीम में आते रहे हैं, लेकिन अब हमारी टीम को खाली कर दिया गया है।