छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र के कर्बला चौक पर दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।
विवाद के दौरान एक 50 वर्षीय अधेड़ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
कोतवाली टीआई आशीष धुर्वे के अनुसार फरियादी अजगर की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।




