मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। ब्रजगड़ी-नेपरी मार्ग पर खेड़ा गांव के पास बने रपटे से चार दिन पहले पानी के तेज बहाव में बह गया ट्रैक्टर आखिरकार बाहर निकाल लिया गया है।


स्थानीय प्रशासन और जेसीबी ऑपरेटरों की मदद से नाले में फंसे इस ट्रैक्टर को करीब 200 मीटर दूर से सफलतापूर्वक निकाल लिया गया।


जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब रपटे पर पानी का बहाव काफी तेज था। इसके बावजूद ट्रैक्टर को पानी के बीच से निकालने का प्रयास किया गया। इसी दौरान तेज धारा ने ट्रैक्टर को अपने साथ बहा ले गई। ट्रैक्टर पर सवार लोगों को मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


चार दिनों तक ट्रैक्टर नाले में फंसा रहा। आखिरकार जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रपटे पर पानी का स्तर अधिक होने के बावजूद वाहन निकालने का प्रयास करना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।


यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि मानसून या अचानक पानी बढ़ने की स्थिति में रपटों पर वाहन चलाना कितना खतरनाक हो सकता है। अधिकारियों से अपील है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।