इंदौर,रविकांत वर्मा। घर में काम करने आई महिला ने ही मालिक के घर से लाखों रुपये के सोने के जेवरात चुरा लिए। मामला इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने मात्र 36 घंटे में वारदात का पर्दाफाश कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 8 घंटे की लगातार छानबीन के बाद आरोपी को दबोचा और चोरी का सामान बरामद कर लिया।


फरियादी दीपक पंचोली, निवासी नंदा नगर ने परदेशीपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर से सोने के दो मंगलसूत्र पेंडेंट, एक मांग टीका, एक सोने की चेन, छह सोने के मोती और सोने की कान की बालियां चोरी हो गई हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। फरियादी ने शक जताया कि घर पर काम करने के लिए बुलाई गई महिला ममता कुशवाह (18 वर्ष, निवासी भागीरथपुरा) ने मौका देखकर ऊपरी हिस्से से जेवरात चुरा लिए।


शिकायत मिलते ही परदेशीपुरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 (ए) के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय पूछताछ की। टीम ने 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भागीरथपुरा क्षेत्र में गली-गली छानबीन की और आरोपी ममता कुशवाह को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और चोरी किए गए जेवरात पुलिस को सौंप दिए।


पूछताछ में ममता ने बताया कि उसके भाई की शादी होने वाली है और उसके लिए पैसों की सख्त जरूरत थी। घर में जेवरात देखकर उसकी नियत बिगड़ गई और उसने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल अन्य मामलों में भी उससे पूछताछ की जा रही है।