जबलपुर, अनुराग शुक्ला। शहर के प्रतिष्ठित सेंट एलॉयसियस स्कूल में कथित धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर मंगलवार को तनावपूर्ण माहौल बन गया। बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और महिलाएं स्कूल परिसर के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन करने पहुंचे। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और मौके पर हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया तथा स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रदर्शन कर रहे संगठनों का आरोप है कि स्कूल से जुड़े कुछ लोगों द्वारा कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। इसी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पक्षों के बयान, शिकायतें और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है।




