छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र के ग्राम सैंडरा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ कथित अपहरण, मारपीट और लूट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित आशीष पचौरी पिता रामकिशन पचौरी ने आरोप लगाया है कि गांव के ही बृजेश तिवारी, राजकुमार तिवारी, बसु तिवारी एवं एक अन्य व्यक्ति ने कट्टा दिखाकर उसका अपहरण किया और रातभर जंगल में बंधक बनाकर मारपीट की। पीड़ित परिवार ने बक्सवाहा पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।


एसपी कार्यालय में दिए गए शिकायती आवेदन के अनुसार आशीष पचौरी का आरोपियों से पुराना विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते रात करीब 9 बजे आरोपियों ने रास्ते में उसे रोककर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से मारपीट की। इसके बाद कट्टा दिखाकर जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और जंगल की ओर ले गए।


पीड़ित का आरोप है कि जंगल में उसे रातभर बंधक बनाकर पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान उसकी जेब में रखे करीब 5 हजार रुपये भी कथित तौर पर छीन लिए गए। सुबह करीब 6 बजे आरोपी उसे घायल अवस्था में घर के पीछे छोड़कर चले गए।


पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद वे शिकायत लेकर बक्सवाहा थाने पहुंचे, लेकिन कथित तौर पर उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं और उन्हें लगातार भय बना हुआ है।


स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए आशीष पचौरी और उसके परिजन छतरपुर एसपी कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपी। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी सहित लागू कानूनी धाराओं में कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।