सतना, अंबिका केशरी। मध्य प्रदेश में अपनी लंबित मांगों को लेकर पटवारियों की चरणबद्ध लड़ाई अब पूर्ण 'कलम बंद' हड़ताल में बदल गई है। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर सतना जिले के पटवारियों ने भी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर कलम बंद हड़ताल शुरू कर दी है।
पटवारी संघ के तहसील अध्यक्ष शैलेश कुमार तिवारी ने बताया कि संघ की ओर से पूर्व में अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन ने विभिन्न विभागों में भृत्य से लेकर अधिकारियों तक को पदोन्नति का लाभ दिया, लेकिन पटवारियों की पदोन्नति का मामला लंबे समय से लंबित है।
पटवारी संघ का कहना है कि पदोन्नति सहित अन्य मांगों को लेकर शासन की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट रणनीति सामने नहीं आई है। इसी नाराजगी के चलते पटवारियों ने आंदोलन तेज करते हुए पूर्णतः कलम बंद हड़ताल का रास्ता अपनाया है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी 5 सूत्रीय मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक धरना-प्रदर्शन और आंदोलन लगातार जारी रहेगा। पटवारियों की कलम बंद हड़ताल के कारण राजस्व से जुड़े विभिन्न कामकाज प्रभावित होने की आशंका है।




