छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नगर के बजरिया निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र सिंह यादव का शव काली माता मंदिर के पास झाड़ियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र सिंह यादव शुक्रवार रात रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने जब उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान काली माता मंदिर के समीप झाड़ियों में उनका शव पड़ा मिला। परिजन तत्काल उन्हें नौगांव अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चचेरे भाई मुनि सिंह यादव ने बताया कि राजेंद्र सिंह यादव प्रतिदिन रात में टहलने जाते थे। शुक्रवार को भी वह सामान्य रूप से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आने पर परिवार चिंतित हो गया और उनकी तलाश शुरू की गई। शव मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
फिलहाल राजेंद्र सिंह यादव की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।




