कटनी, सुमित पाण्डेय। विजयराघवगढ़ में स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी ने करीब 18 महीने से वेतन लंबित होने का आरोप लगाया है। महिला डॉक्टर ने वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार और वेतन रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ अपनी सुरक्षा की भी मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, डॉ. मुस्कान सोनी विजयराघवगढ़ में डेंटिस्ट के पद पर पदस्थ हैं और उनका करीब एक साल छह महीने से वेतन लंबित है। डॉक्टर का आरोप है कि वेतन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी मांगने पर उन्हें कथित तौर पर धमकाया और अपमानित किया जाता है।
डॉ. सोनी ने वरिष्ठ बीएमओ डॉ. विनोद दूबे और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि उनकी अटेंडेंस को लेकर भी लगातार परेशानी खड़ी की जाती है। इसके अलावा स्टाफ के सामने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।
महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि लगातार दबाव और डर के माहौल में काम करना पड़ रहा है। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मामले को लेकर एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने बताया कि महिला डॉक्टर की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




