छतरपुर। कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों, योजनाओं की प्रगति एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों के कंटेम्प्ट एवं आयोग संबंधी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के आवासों की जियो टैगिंग शीघ्र कराने तथा सर्वे किए गए आवासों के पट्टे जारी करने के निर्देश नगरीय निकायों के सीएमओ को दिए।एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान नौगांव बीएमओ द्वारा पीएम रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत नहीं करने और अधिक समय तक लंबित रखने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए जनपद स्तर से निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरों में श्रम योगी मानधन योजना के तहत श्रमिकों का अधिक से अधिक नामांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों के सफाईकर्मियों, महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित आशाओं, पीडब्ल्यूडी, एमपीईबी एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का नामांकन कराने के निर्देश दिए। जनपदों में श्रमिकों के लंबित संबल पंजीयन के सत्यापन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक पेंडेंसी पर नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने सचिवों को लंबित संबल पंजीयन का सख्ती से सत्यापन करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि सत्यापन नहीं करने वाले सचिवों के वेतन में कटौती की कार्रवाई की जाए। नगरीय निकायों में पोर्टल पर लंबित प्रकरणों को तत्काल निराकृत करने तथा लंबित अनुग्रह सहायता राशि के प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएमओ एवं जनपद सीईओ को इन प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।


शिकायतों के निराकरण पर गंभीरता से ध्यान देने के निर्देश

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान नॉन-अटेंडेड शिकायतें पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। एडीएफसी बैंक एवं आईसीआईसीआई बैंक से संबंधित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर संबंधित रीजनल मैनेजर के विरूद्ध जोनल हेड को पत्र लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक अधिकारियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए। नॉन-अटेंडेड शिकायतों के मामले में बक्सवाहा सीडीपीओ की वेतन कटौती, नौगांव तहसीलदार का एक दिवस का वेतन राजसात करने तथा बीईओ बड़ामलहरा के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की संख्या अधिक होने पर डीपीओ के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से स्वयं संपर्क कर उनकी समस्या का निराकरण करें और पोर्टल पर जवाब दर्ज करें।


किसानों के केसीसी एवं पशु टीकाकरण में बढ़ाएं प्रगति

कलेक्टर ने सहकारिता बैंक के अधिकारियों को समितिवार लक्ष्य निर्धारित कर किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा विभाग को सेक्स-सॉर्टेड सीमन डोज एवं पशुओं के टीकाकरण में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर बदलने से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर गढ़ीमलहरा एवं हरपालपुर सीएमओ को नोटिस जारी करने तथा बिजावर सीएमओ की एक दिवस की वेतन कटौती के निर्देश दिए गए।