लॉस एंजेलिस। हिट सीरीज ‘ग्रेज एनाटॉमी’ में अपने अभिनय के लिए मशहूर अभिनेता आइजाया वॉशिंगटन ने पत्नी जेनिसा गारलैंड के निधन के एक साल बाद पहली बार इस बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने पत्नी के निधन से जुड़े अपने अनुभव और भावनाओं को साझा किया।63 साल के इस एक्टर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करके बताया कि जेनिसा गारलैंड की मौत 9 जून, 2025 को 'जबरदस्त हेमरेजिक स्ट्रोक' (दिमाग की नस फटने से होने वाला स्ट्रोक) के कारण हो गई।

उन्होंने लिखा, "29 साल तक मेरी जीवनसंगिनी रहीं मेरी प्रिय पत्नी 31 मई 2025 को अचानक गिर पड़ी और 9 जून 2025 को उन्होंने अंतिम सांस ली। यह घटना उनके और पूरे परिवार के लिए बड़े सदमे जैसी थी। उन्होंने कहा, "उन्हें हेमरेजिक स्ट्रोक आया था और वह कभी इससे उबर नहीं पाईं। उन्हें गए अब 16 महीने हो चुके हैं, लेकिन वह अपनी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तीन बेहद शानदार बच्चों को पीछे छोड़ गई हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "सुनिए दोस्तों... सिरदर्द हमेशा सिर्फ सिरदर्द या माइग्रेन नहीं होता, यह उससे कहीं ज्यादा गंभीर हो सकता है और एक चेतावनी का संकेत भी हो सकता है। अगर हो सके तो ब्रेन स्कैन करवाएं और सिरदर्द को हल्के में न लें।"

अभिनेता ने बताया कि उनकी पत्नी बेहद निजी स्वभाव की थीं। उन्होंने कहा कि अपनी पत्नी के निधन की जानकारी सार्वजनिक करने पर उन्हें दूसरी दुनिया में उनसे डांट पड़ सकती है। उनके इस भावुक पोस्ट पर दोस्तों और प्रशंसकों ने कमेंट सेक्शन में शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई।

वायोला डेविस ने लिखा, "बहुत अफसोस हुआ, आइजाया।"

वॉशिंगटन 2005 से 'ग्रेज एनाटॉमी' के ओरिजिनल कास्ट मेंबर थे, लेकिन को-स्टार टी.आर. नाइट के खिलाफ होमोफोबिक (समलैंगिकों के प्रति नफरत भरी) टिप्पणी करने के कारण तीन सीजन के बाद 2007 में उन्होंने शो छोड़ दिया था। बाद में उन्होंने माफी मांगी और 2014 में कुछ समय के लिए शो में वापसी की। मार्च 2023 में वॉशिंगटन ने एक्टिंग से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी थी।