अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। नगर के सुभाष चौक क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो सांड आपस में लड़ते-लड़ते एक ज्वेलरी दुकान में घुस गए। अचानक हुई इस घटना से दुकान में मौजूद दुकानदार और आसपास के लोग दहशत में आ गए। सांडों के उत्पात से दुकान के अंदर रखा सामान बिखर गया और काउंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दुकानदार को काफी नुकसान उठाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि दोनों सांड काफी देर से सड़क पर लड़ रहे थे और इसी दौरान वे सीधे ज्वेलरी शॉप के अंदर जा घुसे। दुकान के अंदर मौजूद दुकानदार ने किसी तरह अपनी जान बचाते हुए बाहर कूदकर खुद को सुरक्षित किया। घटना के दौरान दुकान में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों सांड दुकान के अंदर घुसकर जमकर उत्पात मचा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नगर परिषद की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।

