छतरपुर,विनोद मिश्रा। जिला न्यायालय परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रथम श्रेणी न्यायाधीश की कोर्ट में एक महिला टाइपिस्ट के साथ मारपीट की घटना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्राइवेट तौर पर टाइपिंग का काम करने वाला आशीष रिछारिया अचानक विवाद के दौरान आपा खो बैठा और उसने महिला कर्मचारी को न्यायाधीश की मौजूदगी में ही थप्पड़ मार दिया।


घटना होते ही कोर्ट रूम में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।


जज के सामने हुई घटना से उठे सवाल


न्यायालय जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि पूरी घटना न्यायाधीश की मौजूदगी में हुई, जिससे कोर्ट की गरिमा को भी ठेस पहुंची है।


पुलिस बोली- शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई


एडिशनल एसपी आदित्य पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।