छतरपुर, विनोद मिश्रा। सावन माह के अवसर पर शहर के पठापुर रोड स्थित राम-जानकी मंदिर में धार्मिक आयोजन किया गया। छतरपुर विधायक ललिता यादव ने वार्डवासियों और महिलाओं के साथ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और अच्छी बारिश की कामना की।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने सावन के गीत और भजन गाए। विधायक ललिता यादव भी महिलाओं के बीच पहुंचीं और ढोलक बजाकर भजन-कीर्तन में सहभागिता की। सावन के गीतों पर वे महिलाओं के साथ झूमती नजर आईं, जिससे आयोजन का माहौल भक्तिमय हो गया।


विधायक ललिता यादव सावन माह के दौरान क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और गांवों में स्थित शिव मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में लगातार सहभागिता कर रही हैं। इन आयोजनों के माध्यम से सनातन धर्म के प्रति आस्था और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है।


राम-जानकी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मोनू यादव, देशांत पाठक, धीरज गुप्ता, रानू सिंह, दिनेश यादव, गुल्ले सरदार, पंकज रावत, गायत्री कुशवाहा, राममूर्ति राजपूत, प्रियंका दुबेदी, शशि भदौरिया सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।