सतना, अंबिका केशरी। सतना जिले की ग्राम पिथौराबाद के ग्रामीणों और किसानों ने क्षेत्र की बदहाल सड़क को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने पिथौराबाद मुख्य मार्ग से पिपरहाई जाने वाले रास्ते के नवनिर्माण की मांग करते हुए प्रशासन को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिथौराबाद मुख्य मार्ग से पिपरहाई को जोड़ने वाला करीब 1.5 किलोमीटर लंबा मार्ग वर्तमान में अत्यंत जर्जर और कच्ची स्थिति में है। इस रास्ते से प्रतिदिन 1000 से अधिक किसान और ग्रामीण आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने के कारण किसानों को फसल की बुवाई, कटाई और अनाज को मंडी तक पहुंचाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस मार्ग की हालत और भी खराब हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के चलते आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है, जिससे कई बार ग्रामीणों का संपर्क मुख्य सड़क से कट जाता है। आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग का पक्की सड़क के रूप में निर्माण कराया जाए। साथ ही सड़क के किनारे जल निकासी की उचित व्यवस्था और दोनों ओर वृक्षारोपण कर ग्रीन रोड विकसित की जाए। आवेदन में यह भी बताया गया कि प्रशासन के निर्देश पर मार्ग से अवैध कब्जे हटा दिए गए हैं और अब रास्ता पूरी तरह साफ है। ग्रामीणों और किसानों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान करे, ताकि क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिल सके।