नई दिल्ली। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। एनटीपीसी लिमिटेड और सेल की एक प्रमुख संयुक्त उद्यम कंपनी एनटीपीसी सेल पावर कंपनी लिमिटेड (एनएसपीसीएल) ने सीनियर असिस्टेंट इंजीनियर सहित विभिन्न 17 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।

एनएसपीसीएल की ओर से जारी 17 रिक्तियों में सीनियर असिस्टेंट ऑफिसर (एचआर) के 4, सीनियर असिस्टेंट ऑफिसर (लॉ) का 1, सीनियर असिस्टेंट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 4, सीनियर असिस्टेंट इंजीनियर (मैकेनिकल) के 4, सीनियर असिस्टेंट इंजीनियर (सी एंड आई) के 2 और सीनियर असिस्टेंट इंजीनियर (आईटी) के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर के सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 22 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनएसपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सीनियर असिस्टेंट ऑफिसर (एचआर) पोस्ट के लिए ग्रेजुएशन के साथ ह्यूमन रिसोर्स/इंडस्ट्रियल रिलेशन्स/पर्सनल मैनेजमेंट में स्पेशलाइजेशन और मैनेजमेंट में कम से कम दो वर्ष की फुल टाइम पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा/पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम या सोशल वर्क या एमएचआरओडी में मास्टर्स या एचआर में स्पेशलाइजेशन के साथ एमबीए कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास कंप्यूटर की जानकारी के साथ लॉ में डिग्री होना अच्छा रहेगा।

सीनियर असिस्टेंट ऑफिसर (लॉ) के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ फुल-टाइम कानून में बैचलर डिग्री (एलएलबी) या इसके बराबर; सीनियर असिस्टेंट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के लिए इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक की डिग्री; सीनियर असिस्टेंट इंजीनियर (मैकेनिकल) के लिए मैकेनिकल/प्रोडक्शन में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक की डिग्री; सीनियर असिस्टेंट इंजीनियर (सी एंड आई) के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स/कंट्रोल और इंस्ट्रूमेंटेशन में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक की डिग्री; और सीनियर असिस्टेंट इंजीनियर (आईटी) के कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/कंप्यूटर साइंस/इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीई/बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास सभी पोस्ट के लिए प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 2 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन सिलेक्शन टेस्ट (सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट (एसकेटी) और एग्जीक्यूटिव एप्टीट्यूड टेस्ट (ईएटी)), पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 40,000 से 1,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी (पुरुष) के लिए 300 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/एक्सएसएम और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।