सिरोही। राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू से घूमकर लौट रहे पर्यटकों की खुशियां उस वक्त हादसे में बदल गईं, जब उनकी टेम्पो ट्रेवलर आबूरोड मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में शनि मंदिर के पास पर्यटकों से भरी टेम्पो ट्रेवलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन सड़क किनारे गहरे खड्डे में पलट गया। हादसे में छह पर्यटक घायल हो गए। सभी घायल गुजरात के राजकोट निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गुजरात के राजकोट से पर्यटकों का दल माउंट आबू घूमने आया था। भ्रमण के बाद सभी टेम्पो ट्रेवलर में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आबूरोड-माउंट आबू मार्ग पर शनि मंदिर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराने के बाद खड्डे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और वाहन में सवार पर्यटक अंदर फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही आबूरोड सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, मुखरी माता टैक्सी यूनियन के चालकों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय चालकों की मदद से पलटी हुई टेम्पो ट्रेवलर में फंसे पर्यटकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए आबूरोड ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आबूरोड सदर थाने के एसआई गोकुलराम के अनुसार हादसा डिवाइडर से टकराने के बाद हुआ। दुर्घटना में छह लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल सभी घायलों का आबूरोड ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।
माउंट आबू राजस्थान के सिरोही जिले में स्थित एक खूबसूरत और राज्य का इकलौता हिल स्टेशन है। यह अरावली पर्वतमाला की सबसे ऊंची चोटी पर बसा हुआ है और इसे अक्सर 'मरुस्थल का नखलिस्तान' भी कहा जाता है। यह अरावली पर्वतमाला और माउंट आबू की सबसे ऊंची चोटी है, जिसकी समुद्र तल से ऊंचाई लगभग 1,722 मीटर (5,650 फीट) है।

















