कटनी। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से सबक लेते हुए रेल प्रशासन अब यात्री सुरक्षा को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) जबलपुर के सख्त निर्देशों के तहत मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर संचालित खान-पान इकाइयों की सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रेल अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने कटनी जंक्शन स्थित 'फूड प्लाजा' का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्निशमन उपकरणों की वैधता समाप्त होने और रसोई से लेकर परिसर तक सुरक्षा मानकों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से फूड प्लाजा का संचालन बंद कराते हुए उस पर ताला जड़ दिया।

रसोई से परिसर तक मिलीं गंभीर खामियां, एक्सपायर हो चुके थे फायर सेफ्टी सिलेंडर

सीनियर डीसीएम जबलपुर द्वारा मंडल के सभी स्टेशनों पर संचालित खान-पान स्टालों, रिफ्रेशमेंट रूम और फूड प्लाजा के सुरक्षा मापदंडों की सघन जांच के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में संयुक्त जांच दल ने कटनी जंक्शन के फूड प्लाजा में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि वहां लगे फायर सेफ्टी सिलेंडर (अग्निशमन यंत्र) की वैधता समाप्त हो चुकी थी, जो किसी भी आपात स्थिति में बड़े हादसे को न्योता दे सकता था। इसके अतिरिक्त रसोई घर से लेकर पूरे परिसर तक विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल में भी बड़े पैमाने पर खामियां व लापरवाही उजागर हुईं। मौके की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने बिना किसी देरी के फूड प्लाजा को बंद करा दिया।


सभी कमियां दूर कर सीनियर डीसीएम को देनी होगी रिपोर्ट, अनुमति के बाद ही खुलेगा प्लाजा

कार्रवाई के दौरान रेलवे अधिकारियों ने फूड प्लाजा संचालक को दो-टूक चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संचालक को निर्देशित किया गया है कि वह पहले सभी निर्धारित सुरक्षा मापदंडों को पूरा करे और पाई गई तमाम खामियों को दुरुस्त कराए। इसके पश्चात समस्त सुधारों की एक विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट तैयार कर सीनियर डीसीएम जबलपुर कार्यालय को प्रेषित करनी होगी। वरिष्ठ रेल अधिकारियों द्वारा रिपोर्ट का विधिवत परीक्षण और संतुष्टि किए जाने के बाद जब लिखित अनुमति जारी होगी, तभी फूड प्लाजा को पुनः खोलने की इजाजत दी जाएगी।

संयुक्त टीम की सख्त कार्रवाई से स्टेशन के अन्य स्टाल संचालकों में मचा हड़कंप

रेल प्रशासन की इस औचक और सख्त कार्रवाई में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीसीआई) नावेद सिद्दीकी, स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य (एसएमसी) एच.के. शुक्ला, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (सीएचआई) बलवेंद्र प्रताप सिंह और कैटरिंग इंस्पेक्टर ऋषिकांत सहित अन्य संबंधित रेल कर्मचारी प्रमुख रूप से शामिल रहे। रेलवे प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद कटनी जंक्शन पर संचालित अन्य खान-पान स्टालों और वेंडरों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।