पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक । जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत रिछौड़ा में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मालवी सहित जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा आसपास की 11 पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक मौजूद रहे।


कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनके निराकरण की दिशा में कार्रवाई करना रहा। जन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं आवश्यकताएं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए।


गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ लेने की अपील की।


जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मालवी ने ग्रामीणों एवं हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के निराकरण की बात कही। उन्होंने ग्राम पंचायत रिछौड़ा द्वारा किए जा रहे कार्यों और व्यवस्थाओं की सराहना भी की।


कार्यक्रम में जिला मंत्री जगदीश पटेल, विजय चौबे, धर्मेंद्र तिवारी, बिटानू पटेल, बद्री पटेल, बृजेंद्र खमपरिया, राजेंद्र चौबे सहित जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस जन संवाद का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।