छतरपुर, संदीप यादव। शहर के वार्ड क्रमांक 34 स्थित शांति नगर कॉलोनी की मुख्य गली में बिजली विभाग द्वारा विद्युत लाइन बिछाने के कार्य का स्थानीय रहवासियों ने विरोध किया। नाराज वार्डवासियों ने मोहल्ले में ही धरना देकर विभाग के निर्णय पर आपत्ति जताई और कार्य तत्काल रोकने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे रहवासियों का कहना है कि मुख्य गली से हाईटेंशन विद्युत लाइन निकालने से भविष्य में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र से इस प्रकार की लाइन डालना लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है, जिससे जनहानि की आशंका बनी रहेगी। वार्डवासियों ने मांग की कि बिजली विभाग जनहित को ध्यान में रखते हुए हाईटेंशन विद्युत लाइन का मार्ग परिवर्तित करे और इसे किसी अन्य सुरक्षित स्थान से निकाला जाए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कॉलोनी के रहवासी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने तथा लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।




