भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मुरैना जिले के कैलारस स्थित शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर यह फैसला रोजगार और उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है।
कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने बताया कि 19 अगस्त को हुई कैबिनेट बैठक में कारखाने की जमीन एमएसएमई विभाग को सौंपने का निर्णय लिया गया है। कारखाने को फिर से संचालित करने के लिए एमएसएमई विभाग जल्द ही देश के बड़े शक्कर मिल संचालकों से प्रस्ताव (ईओआई) आमंत्रित करेगा।
उन्होंने बताया कि शक्कर मिल के संचालन के लिए आवश्यक जमीन अलग रखने के बाद बची अतिरिक्त भूमि पर एमएसएमई विभाग नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करेगा। इससे क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कृषि विभाग कैलारस क्षेत्र में गन्ने का उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करेगा, ताकि शक्कर कारखाने के लिए पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध हो सके। सरकार का मानना है कि कारखाने के दोबारा शुरू होने से किसानों की आय बढ़ने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार में भी बड़ी वृद्धि होगी।




