भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर तीखा हमला बोला है। विधायकों की शिफ्टिंग के सवाल पर चुप्पी साधते हुए उन्होंने कहा कि वह प्रदेश की 8 करोड़ जनता से आग्रह करना चाहते हैं कि भाजपा के शासन की वास्तविकता को समझें।


पटवारी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की जड़ों में भ्रष्टाचार को स्थापित कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी कह चुके हैं कि यह "अली बाबा और 40 चोरों की सरकार" है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें केवल तीन काम आते हैं—भ्रष्टाचार करना, विज्ञापन देना और विरोधियों को गालियां देना।


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की मूल मर्यादा का भाजपा ने उल्लंघन किया है। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में तीसरे प्रत्याशी को उतारे जाने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि भाजपा ने एक ओबीसी समाज के केवट परिवार से आने वाले व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया, लेकिन उसे जीतने की स्थिति में नहीं रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि भाजपा वास्तव में ओबीसी समाज को सम्मान देना चाहती तो उसे पहले स्थान पर उम्मीदवार बनाती।


पटवारी ने भाजपा पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने महिला आरक्षण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए, उसी ने राज्यसभा चुनाव में महिला प्रत्याशी के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर अपना असली चेहरा दिखा दिया है।


उन्होंने कहा कि भाजपा ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने को तैयार नहीं है, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें चुनावी मैदान में उतारती है। पटवारी ने कहा कि यह भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा है, जिसे प्रदेश की जनता देख रही है।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दायित्व देश और प्रदेश की जनता के मूल अधिकारों की रक्षा करना है। कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों को बचाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस का राज्यसभा प्रत्याशी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा।