सागर/बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद सागर जिले में पुलिस प्रशासन अवैध शराब के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में खिमलासा थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन और एसडीओपी अजय कुमार संकत के नेतृत्व में ग्राम बसारी व जगराई में देर रात तक चली बड़ी कार्रवाई की।


पुलिस के अनुसार दोनों गांवों में लंबे समय से कच्ची शराब बनाने और बेचने का कारोबार चल रहा था। दबिश के दौरान पुलिस ने अवैध शराब बनाने वाली भट्टियों को तोड़-फोड़कर पूरी तरह नष्ट कर दिया। साथ ही मौके पर जमा हजारों लीटर महुआ लहान भी नष्ट किया गया। कार्रवाई में अन्य सामग्री भी जब्त कर नष्ट की गई।


देर रात तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से करन पिता जेमा बंजारा को 5 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है।


कार्रवाई के दौरान खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जिले में जहरीली शराब की घटनाओं को रोका जा सके।


“ बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सागर जिले में पुलिस प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ा ऐक्शन लिया है। खिमलासा थाना क्षेत्र के दो गांवों बसारी और जगराई में देर रात तक चली छापेमारी में हजारों लीटर महुआ लहान नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन और एसडीओपी अजय कुमार संकत के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अवैध भट्टियां तोड़ दी गईं। मौके से एक आरोपी को 5 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार भी किया गया है। आइए पूरी खबर आपको विस्तार से बताते हैं...”


“पुलिस का कहना है कि इन गांवों में लंबे समय से कच्ची शराब बनाने और बेचने का कारोबार फल-फूल रहा था। छापे में मिली भट्टियां और सामग्री पूरी तरह नष्ट कर दी गईं। खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का साफ संदेश है—अवैध शराब बनाने वालों पर अब कोई रियायत नहीं।”