पन्ना। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमानगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलो 164 ग्राम सूखा गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को अमानगंज थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति पवई रोड स्थित अमानगंज बायपास तिराहे से पैदल अमानगंज की ओर आ रहा है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।


तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4 किलो 164 ग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रूज्जन सिंह पारधी (30), पिता रमेश सिंह पारधी, निवासी कुपना थाना शाहनगर, जिला पन्ना के रूप में हुई है।


अमानगंज थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 475/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान और संबंधित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी अमानगंज निरीक्षक हेमन्त नायक सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।