दमोह/बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से बटियागढ़ तहसील कार्यालय परिसर में शनिवार को वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान तहसीलदार योगेन्द्र चौधरी, थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधियों तथा तहसील कार्यालय के कर्मचारियों ने मिलकर 105 पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखरेख और उनकी सुरक्षा का संकल्प भी लिया।


पौधारोपण अभियान के तहत परिसर में अशोक, आम, जामुन, आंवला सहित कई प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है।


इस अवसर पर तहसीलदार योगेन्द्र चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं, जो जीवन के लिए आवश्यक शुद्ध वायु, हरियाली और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं।


कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। सभी ने पौधों की रक्षा करने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस पहल को क्षेत्र में हरित वातावरण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।