छतरपुर, संजय अवस्थी। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश फार्मासिस्ट एसोसिएशन की छतरपुर इकाई द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। फार्मासिस्टों ने जिला अस्पताल में एकत्रित होकर रक्तदान शिविर लगाया और स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान फार्मासिस्टों ने बताया कि दवाओं के निर्माण, गुणवत्ता, सही उपयोग और दवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बाद फार्मासिस्टों ने रक्तदान कर सामाजिक सेवा का संदेश दिया।
यह भी पढि़ए: अधूरी संगठनात्मक रचनाएं पूरी करने के निर्देश :सागर में भाजपा संगठन को सालभर सक्रिय रखने का रोडमैप: संगठन महामंत्री
रक्तदान शिविर के उपरांत एसोसिएशन के सदस्यों ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को फल एवं आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। इस दौरान दवाओं के सही उपयोग और सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
जिला उपाध्यक्ष एमएल वर्मा ने बताया कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस के उपलक्ष्य में जिला अस्पताल में कार्यक्रम आयोजित कर फार्मासिस्टों की भूमिका और स्वास्थ्य विभाग में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि दवाओं की सही जानकारी और उनके सुरक्षित उपयोग में फार्मासिस्ट की अहम भूमिका रहती है।
वहीं, फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर टीम द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसके बाद वृद्धाश्रम में फल वितरित कर बुजुर्गों के साथ समय बिताया गया। कार्यक्रम में रवि सिन्हा, एमएल वर्मा, मनमोहन पटेल सहित बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट मौजूद रहे।











